मां लक्ष्मी जी पर अभद्र टिप्पणी का मामला: आगरा में स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ दी गई तहरीर, कार्रवाई की मांग
मां लक्ष्मी जी पर अभद्र टिप्पणी के मामले में आगरा में स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ तहरीर दी गई। उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई। तहरीर न्यू आगरा थाना में दी गई। मामला हिंदू-देवी देवताओं पर अमर्यादित टिप्पणी का है। यह तहरीर राष्ट्रीय बजरंग दल के ब्रज प्रांत उपाध्यक्ष रौनक ठाकुर के नेतृत्व में दी गई। उन्होंने पुलिस से मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई करने की मांग की।
तहरीर में उन्होंने कहा कि जब हम सब लोग दिवाली का पावन पर्व मना रहे थे, उसी दिन सपा नेता ने मां लक्ष्मी जी को लेकर अभद्र टिप्पणी की। इसे उन्होंने अपने निजी (ट्विटर अकाउंट ) से पोस्ट किया। इसी को लेकर राष्ट्रीय बजरंग दल के महानगर अध्यक्ष योगेश निगम सहित कई कार्यकर्ता थाने पहुंचे।
इस मौके पर ब्रज प्रांत उपाध्यक्ष रौनक ठाकुर ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा दिवाली पर मां लक्ष्मी जी को लेकर विवादित बात कही गई। इससे करोड़ों सनातनियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। शासन- प्रशासन से अनुरोध है कि ऐसी मानसिकता रखने वाले व्यक्ति को उत्तर प्रदेश से खदेड़ने का कार्य करे। साथ ही मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाए।
सीएम योगी आदित्यनाथ बोले: दूसरे लोक की यात्रा पर चले गए यूपी के माफिया, कांग्रेस होती तो ना हो पाता दीपोत्सव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। जो कांग्रेस सुरक्षा व विकास नहीं कर सकती, उस बोझ को ढोने का क्या फायदा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले यूपी में माफिया समानांतर सरकार बनाते थे, लेकिन अब यह माफिया दूसरे लोक की यात्रा पर चले गए हैं। यूपी में विकास की नई गाथा रची जा रही है।
मध्य प्रदेश के रीवा, छतरपुर और भिंड में पार्टी के आठ प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे योगी ने सेमरिया से विधायक व भाजपा उम्मीदवार केपी त्रिपाठी के पक्ष में वोट मांगा। सीएम ने कहा कि कांग्रेस होती तो दीपोत्सव नहीं हो पाता और ना ही राम मंदिर बन पाता। पीएम मोदी व 20 वर्ष में शिवराज सिंह चौहान ने विकास को बढ़ाया है। उसी का परिणाम है कि मध्य प्रदेश विकसित राज्य बन रहा है। कोल समाज के पूर्वजों ने संकट के समय भगवान राम के सहयोगी बनकर चित्रकूट में शरण दी थी। कांग्रेस ने कोल, थारू, चेरू, वनवासी व गिरवासी को सिर्फ गुमराह किया। हाथ का पंजा दिखाकर कांग्रेस ने देश को बेवकूफ बनाने का कार्य किया है और बहन जी की हाथी का पेट इतना बड़ा है कि यह मध्य प्रदेश को हजम कर जाएगा। इन्हें महत्व देने की आवश्यकता नहीं है।
आतंकियों के घर पर में घुसकर सबक सिखा रहे
राजनगर से भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटैरिया व चंदला से दिलीप अहिरवार के समर्थन में योगी आदित्यनाथ ने नगर पालिका परिषद का नाम लवकुश के नाम पर रखने पर हर्ष जताया। बोले कि पहले दुनिया भारत को महत्व नहीं देती थी, लेकिन 2014 के बाद दुनिया में भारत के प्रति आशा है। यह भारत नई राह दिखा रहा है। इससे पहले लद्दाख, कारगिल, अरुणाचल, कश्मीर में घुसपैठ प्रतिदिन समाचार की सुर्खियां होती थीं, लेकिन आज घुसपैठ नहीं होती बल्कि आतंकवादियों की जननी के घर में घुसकर सबक सिखाने का काम होता है।
यूपी में 403 में से हाथी का एक और कांग्रेस के दो विधायक हैं। यूपी की जनता इन्हें समझ चुकी है, इसलिए मध्य प्रदेश में भी इनका खाता ही नहीं खुलना चाहिए। खजुराहो इसी विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। यहां से झांसी होते हुए लखनऊ जाने का रास्ता आसान है। अब कोई वसूली व गुंडागर्दी नहीं होती। डबल इंजन की सरकार सुरक्षा, सुशासन व विकास की गारंटी देगी।
भाजपा प्रत्याशियों को भोपाल पहुंचाइए, यह आपको अयोध्या ले जाएंगे
यूपी के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने अटेर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया व भिंड से प्रत्याशी नरेंद्र सिंह कुशवाह के पक्ष में रैली की। उन्होंने कहा कि आप इन्हें भोपाल पहुंचाइए, यह आपको अयोध्या लेकर आएंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने कहा था कि रामलला हम आएंगे, गुलामी का ढांचा भी हटाएंगे। हमने कहा था तो किया। अब 22 जनवरी 2024 की तारीख भी बता रहे हैं, जब मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम अपने भव्य मंदिर में विराजमान होंगे। सीएम ने कहा कि संकट का साथी ही सच्चा साथी है। कांग्रेस के लोग कोरोना के समय गायब हो गए थे। देश कोरोना के समय संकट में था तो भाई-बहन को मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश की नहीं, नाना-नानी की याद आती थी।
डकैती की घटना मे जांच एजेंसियों पर हमला अनुचित, राजनीति से बाज आये कांग्रेस: चौहान
देहरादून। भाजपा ने कहा कि राजधानी मे रिलायंस ज्वैलेरी मे दुखद डकैती प्रकरण कांग्रेस को राजनीति के बजाय संयम बरतने की जरूरत है। ऐसे संवेदनशील प्रकरण पर राजनीति और नकारात्मक रुख से जाँच एजेंसियों के मनोबल पर भी विपरीत असर पड़ेगा।
भजाओ के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि राजधानी मे डकैती डालने वाला गैंग उत्तराखंड सहित 7 राज्यों मे ऐसी बारदातों को अंजाम दे चुका है। पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, केरल, विहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश तथा हाल ही मे उत्तराखंड को भी इस शातिर गैंग ने निशाने पर लिया। ढाई साल की अवधि मे देश के अनेक हिस्सों मे इस गैंग ने लगभग 20 से अधिक बारदातों को अंजाम दिया है।
चौहान ने कहा कि चुनौती बड़ी है और जाँच एजेंसियां असली अपराधियों तक पहुँचने की कोशिश मे जुटी है इसलिए जांच एजेंसियों के मनोबल को भी ध्यान मे रखना होगा। पुलिस का कड़ियाँ जोड़कर असली अपराधियों तक पहुंचकर खुलासा होना जरूरी है और इसमे समय लगेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस दबाव मे है और वह पूरी तरह से आरोपियों तक पहुँचने मे जुटी है। इसलिए जाँच एजेंसियों को समय देने की जरूरत है न कि उनकी परीक्षा को आधार बनाकर उनके मनोबल को तोड़ने जैसा कार्य।
चौहान ने कहा कि कांग्रेस के निशाने पर जांच एजेंसियां हमेशा से रही है। इन्ही एजेंसियों के द्वारा राज्य मे नकल माफियाँ का नेटवर्क ध्वस्त किया गया, जबकि कांग्रेस विरोध प्रदर्शन और माफियाओं के पक्ष मे कई मौकों पर खड़ी दिखी है। इसके अलावा दूसरे प्रदेश से भी बड़े माफिया भी पुलिस ने कानून के कटघरे मे खड़े किये है।
चौहान ने कहा कि अपराधियों के लिए कोई भी सरकार अहमियत नही रखती, बल्कि वह एक सुनिश्चित प्लान पर कार्य करते है। महज भाजपा सरकार मे यह नेटवर्क हावी नही है, कांग्रेस शासित राज्यों मे भी यह एक के बाद एक घटनाओं को अंजाम दे चुका है। तब उन राज्यों मे भी इन अपराधियों की करतूतों को वहाँ की सरकार की असफलता से जोड़कर देखा जायेगा? हालांकि कांग्रेस का उत्तराखंड मे महज एक घटना को आधार बनाकर कानून व्यवस्था की कसौटी पर कसना निरर्थक है। कांग्रेस काल मे तो थाने चौकियों मे रिपोर्ट दर्ज होने मे राजनैतिक हस्तक्षेप रहता था और पुलिस वीआईपी ड्यूटी तक सीमित हो गयी थी।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी पुलिस विभाग से घटना के बाद जाँच को लेकर पूरी जानकारी ले चुके हैं। पूर्व की भाँति जाँच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से कार्य कर रही है। आज प्रदेश मे कानून का राज है और पुलिस भी इस घटना को चुनौती के रूप मे स्वीकार कर चुकी है। बेहतर है कि जांच एजेंसियों को अपना कार्य करने दे और इसे राजनैतिक मुद्दे की तरह हवा देकर एजेंसियों के मनोबल से खिलवाड़ नही किया जाना चाहिए।
गोवर्धन पूजा: मुख्यमंत्री धामी ने किया गायों का पूजन, प्रदेशवासियों के लिए की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में गायों की पूजा की। पूजा के दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। वहीं दूसरी तरफ आज गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को गोवर्धन पूजन करने का विधान है। इस तिथि को अन्नकूट के नाम से जाना जाता है क्योंकि इस दिन घरों में अन्नकूट का भोग बनाया जाता है। गोवर्धन पूजा का पर्व दिवाली के दूसरे दिन मनाया जाता है लेकिन इस बार अमावस्या तिथि दो दिन होने की वजह से गोवर्धन पूजन 14 नवंबर को मनाया जा रहा है। इस दिन श्रीकृष्ण के स्वरूप गोवर्धन पर्वत(गिरिराज जी) और गाय की पूजा का विशेष महत्व होता है।
गोवर्धन,वृंदावन और मथुरा सहित पूरे बृज में इस दिन जोर-शोर से अन्नकूट महोत्सव मनाया जाता है। मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव कार्तिक प्रतिपदा से लेकर कार्तिक पूर्णिमा तक चलता है। इस बार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि की शुरुआत 13 नवंबर दिन सोमवार से दोपहर 2 बजकर 56 मिनट से हो रही है और तिथि का समापन 14 नवंबर दिन मंगलवार को दोपहर 2 बजकर 36 मिनट पर होगा। ऐसे में उदया तिथि को मानते हुए गोवर्धन पूजन 14 नवंबर को मनाया जाएगा।
MP Election 2023: जबलपुर में सवा दो घंटे में तीन विधानसभा को साधेंगे शाह; इन मार्गों पर जाने से पहले पढ़ लें यह खबर
जेएनएन, जबलपुर। चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मतदाताओं को पक्ष में करने के लिए 14 नवंबर को शहर आ रहे है। वे करीब सवा दो घंटे रूकेंगे और शहरी क्षेत्र की तीन विधानसभा में प्रचार करेंगे। शुरुआत पश्चिम विधानसभा में जनसभा से होगा। इसके बाद उत्तर मध्य विधानसभा से रोड शो शुरू करेंगे। जो पूर्व विधानसभा तक चलेगा।
भाजपा कार्यकर्ता भी उत्साहित
अमित शाह के प्रचार में उतरने से कार्यकर्ता भी उत्साहित हो गए है। फिलहाल उनके आगमन से जुड़ी तैयारी में प्रत्याशी और कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का 14 नवम्बर को शाम 4:30 बजे जबलपुर डुमना विमानतल पर आगमन होगा। शाह डुमना विमानतल से हेलीकाप्टर द्वारा मेडिकल बडडा दादा ग्राउंड मेडिकल कॉलेज के पीछे पहुंचेंगे,जहां पर शाम पांच बजे पश्चिम विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी राकेश सिंह के समर्थन मेंजनसभा को संबोधित करेंगे। इसके पश्चात अमित शाह सड़क मार्ग से मालवीय चौक पहुंचेंगे जहां शाम 5:45 पर उत्तर मध्य विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी अभिलाष पांडे के समर्थन में रोड शो करते हुए मिलोनीगंज, बड़ी खेरमाई पहुंचेंगे। यहां से पूर्व विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी अंचल सोनकर के समर्थन में भानतलैया, घमापुर से शीतलामाई तक रोड शो करते हुए पार्टी के समर्थन में आशीर्वाद मांगेंगे। अमित शाह शाम 7:15 बजे डुमना विमानतल से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।